महराजगंज। गोरखपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) एस. चनप्पा ने शुक्रवार को महराजगंज जनपद का दौरा कर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग की गहन समीक्षा की। पुलिस लाइन सभागार में आयोजित बैठक में पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी, सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी एवं शाखा प्रभारी मौजूद रहे।
डीआईजी ने अधिकारियों को अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध शराब, मादक पदार्थों, पशु तस्करी समेत आपराधिक गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। थानों के सीसीटीवी कैमरों को क्रियाशील रखने, आगामी गणेश चतुर्थी के मद्देनजर पीस कमेटी और डीजे संचालकों के साथ बैठक करने तथा यक्ष ऐप के माध्यम से अपराधियों के सत्यापन और हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी पर जोर दिया।

उन्होंने हत्या, गैंगस्टर, पुरस्कार घोषित अपराधियों, महिला संबंधी अपराध और अपहृता की बरामदगी से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। लूट, नकबजनी और वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोकथाम तथा लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण को भी प्राथमिकता दी गई।
महिला सुरक्षा के लिए मिशन शक्ति, एंटी रोमियो स्क्वाड और महिला हेल्पडेस्क की लगातार मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए। साथ ही साइबर अपराध नियंत्रण, यूपी-112 के कॉल रिस्पांस टाइम में सुधार, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और सीएम डैशबोर्ड के मानकों को बेहतर करने पर विशेष जोर दिया गया।
डीआईजी ने आईजीआरएस में जनपद के प्रथम स्थान पर रहने पर संतोष जताते हुए प्रदर्शन बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस लाइन का भ्रमण भी किया।









