सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर सीडीओ ने की समीक्षा, 17 सितंबर से शुरू होगा अभियान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में कल देर रात कलेक्ट्रेट सभागार में सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के तहत होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा, विभागवार दायित्व और तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

सीडीओ ने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर 2026 से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं से विभिन्न वर्गों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को जन-जन तक पहुंचाना तथा सेवा, सहभागिता और जनकल्याण की भावना को मजबूत करना है।

उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान के तहत प्रमुख मंदिरों, घाटों, महत्वपूर्ण अवसंरचना परियोजनाओं और सरकारी योजनाओं से लाभान्वित परिवारों के घरों पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। जनपद के 10 प्रमुख स्थलों पर वृहद दीपोत्सव के लिए 15 सितंबर तक दीयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

सीडीओ ने विद्यालयों में भाषण, चित्रकला और रंगोली प्रतियोगिताएं कराने तथा युवाओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित करने को कहा। वहीं 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर तीन दिवसीय संवाद कार्यक्रम, हेल्दी बेबी प्रतियोगिता और उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं का सम्मान कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने योजनाओं से लाभान्वित नागरिकों की सफलता की कहानियों पर शॉर्ट फिल्म और रील तैयार कर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने तथा सक्सेना चौक पर ज्योति सेवा कलश की स्थापना के निर्देश दिए। ग्राम पंचायतों और वार्डों में अभियान को व्यापक स्तर पर आयोजित करने तथा कार्यक्रमों की नियमित निगरानी पर भी जोर दिया गया।

बैठक में जिला विकास अधिकारी बीएन कन्नौजिया, परियोजना निदेशक रामदरश चौधरी, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, डीपीआरओ श्रेया मिश्रा, बीएसए सुरजीत कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]