नेबुआ नौरंगिया (कुशीनगर)। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र में गुरुवार को जहरीले सांप के काटने से एक 46 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में मातम का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, नेबुआ नौरंगिया के टोला बलुआड़ निवासी प्रभावती देवी दोपहर में धान का खेत देखने गई थीं। इसी दौरान खेत में मौजूद किसी जहरीले सांप ने उन्हें डस लिया। सांप के काटने की जानकारी मिलते ही परिजन उन्हें तत्काल नेबुआ नौरंगिया (कोटवा) सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद प्रभावती देवी को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद भी परिजन उन्हें बचाने की उम्मीद में झाड़-फूंक कराने के लिए इधर-उधर भटकते रहे, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
देर रात शव घर पहुंचने के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना की जानकारी मिलने पर गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।









