महराजगंज। दिग्विजयनाथ बालिका इंटर कॉलेज, चौक बाजार में आर्थिक स्वावलंबन एवं स्वरोजगार विषय पर एक दिवसीय व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं विद्यालय की प्रधानाचार्या सपना सिंह ने मां सरस्वती और महाराज द्वय के चित्र के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित कर किया।
मुख्य अतिथि महायोगी गुरु गोरखनाथ कृषि विज्ञान केंद्र गोरखपुर की विषय वस्तु विशेषज्ञ डॉ. श्वेता सिंह ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि आर्थिक स्वावलंबन और स्वरोजगार सशक्त समाज की नींव
हैं। उन्होंने छात्राओं को ग्रामीण क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मोटे अनाजों से जुड़े कुटीर उद्योग सहित विभिन्न लघु उद्योग शुरू कर छात्राएं आत्मनिर्भर बन सकती हैं।
डॉ. सिंह ने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, स्टैंड-अप इंडिया, पीएम विश्वकर्मा, स्किल इंडिया और पीएम कौशल विकास योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से प्रशिक्षण लेकर छात्राएं स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ सकती हैं।
अध्यक्षीय उद्बोधन में महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के सदस्य एवं चौक संस्था के प्रभारी डॉ. शैलेंद्र प्रताप सिंह ने छात्राओं का उत्साहवर्धन किया और प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली छात्राओं को प्रमाण-पत्र वितरित किए।
प्रधानाचार्या सपना सिंह ने कहा कि मां कौशल्या स्वावलंबन केंद्र के माध्यम से छात्राओं को योजनाओं से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में आम के दो पौधों का रोपण भी किया गया।









