अहिरौली बाजार (कुशीनगर)। अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा कप्तानगंज-सिधावल मुख्य मार्ग पर धोबरा बगहा स्थित वीर बाबा स्थान के पास हुआ, जहां बाइक की सामने से आ रहे ट्रैक्टर से टक्कर हो गई।
जानकारी के अनुसार, प्लेटिना बाइक (UP57BV1467) पर धनंजय पांडेय (30) निवासी रामनगर, नेबुआ नौरंगिया और मन्ने तिवारी (32) निवासी सोहरौरा, नेबुआ नौरंगिया सवार थे। दोनों जगदीशपुर से बोदरवार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे बिना नंबर प्लेट के महिंद्रा ट्रैक्टर से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर में धनंजय पांडेय के पैर में गंभीर चोट आई, जबकि मन्ने तिवारी के सिर में गंभीर चोट बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर अहिरौली बाजार पुलिस पहुंची और घायलों के परिजनों को घटना की जानकारी दी।
इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिपराइच भेजा गया, जहां उनका उपचार कराया गया। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
पुलिस के अनुसार, मामले में तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल पर स्थिति को नियंत्रित कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।









