खाद की किल्लत से लेकर जातीय राजनीति तक के मुद्दे उठाए, बोले:2027 में बनेगी सपा सरकार
रामकोला (कुशीनगर)। किसान शहीद दिवस के अवसर पर गुरुवार को रामकोला कस्बे में समाजवादी पार्टी ने बड़ा कार्यक्रम आयोजित कर किसानों के मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। पूर्व मंत्री राधेश्याम सिंह की ओर से आयोजित कार्यक्रम में बदायूं सांसद एवं सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव के पुत्र आदित्य यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सपा के वरिष्ठ नेता राम प्यारे कुशवाहा ने की। मंच से आदित्य यादव ने शहीद किसानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कार्यकर्ताओं में उत्साह भरते हुए 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सपा की सरकार बनने का दावा किया।
सांसद आदित्य यादव ने कहा कि प्रदेश में इस समय अव्यवस्था का माहौल है। जनता उम्मीद के साथ सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर देख रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अंग्रेजों की तरह भाजपा भी लोगों को जाति के नाम पर बांटकर आपस में लड़ाने का काम कर रही है।
उन्होंने खाद की किल्लत को लेकर भी सरकार पर हमला बोला। कहा कि किसान लगातार परेशान हैं, लेकिन सरकार किसानों की समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं दिखाई दे रही है। राम मंदिर को लेकर भी उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भगवान श्रीराम के नाम पर सत्ता में आने वालों के शासन में राम मंदिर की स्थिति सभी ने देखी है।
गौरतलब है कि 10 सितंबर 1992 को गन्ना किसानों के आंदोलन के दौरान पुलिस की गोलीबारी में तीन किसानों की मौत हुई थी। इसके बाद से हर वर्ष 10 सितंबर को शहीद किसानों को श्रद्धांजलि दी जाती है। समाजवादी पार्टी इस दिन को किसान शहीद दिवस के रूप में मनाती है।
इसी क्रम में रामकोला में आयोजित कार्यक्रम में किसानों के संघर्ष और उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।
कार्यक्रम आयोजक एवं पूर्व मंत्री राधेश्याम सिंह ने कहा कि किसान, नौजवान, महिलाएं समेत समाज का हर वर्ग परेशान है
। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आगामी 28 अक्टूबर को जिला मुख्यालय पर विशाल धरना-प्रदर्शन किए जाने की जानकारी दी और बड़ी संख्या में पहुंचने का आह्वान किया।कार्यक्रम दोपहर करीब सवा दो बजे तक चला। इसके बाद सांसद आदित्य यादव ने मीडिया से बातचीत की और गोरखपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए।









