न बिजली कनेक्शन, न पानी की व्यवस्था, दो साल में धंसा फर्श और गायब हुईं टोटियां
महराजगंज। सिंदुरिया चौराहे पर सिंदुरिया थाने के पास करीब 23 लाख रुपये की लागत से बनाया गया ‘स्मार्ट’ शौचालय इन दिनों बदहाली का शिकार है। आम लोगों की सुविधा के लिए तैयार किए गए इस शौचालय में बिजली और पानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात यह हैं कि रात में शौचालय का इस्तेमाल करने वालों को मोबाइल की टॉर्च का सहारा लेना पड़ता है, जबकि पानी के लिए डिब्बा लेकर जाना पड़ रहा है।
स्थानीय दुकानदारों वीरेंद्र गुप्त, घनश्याम, घनश्याम पटेल, बबलू, योगेश्वर मिश्रा, विद्याभूषण गुप्ता, संतोष गुप्त, रामप्रताप गुप्त, शंभू मोदनवाल, शंभू गोंड, धर्मेंद्र और मंजेश आदि का कहना है कि निर्माण के महज दो वर्ष के भीतर ही शौचालय की स्थिति खराब हो गई है। कई जगह फर्श धंस गया है और शौचालय में लगी टोटियां भी गायब हो चुकी हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक शौचालय में बिजली का कनेक्शन नहीं होने के कारण पानी की मोटर नहीं चल पाती। इससे पानी की आपूर्ति बाधित रहती है। पानी के अभाव में सफाई व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। लोगों का आरोप है कि करीब दो सप्ताह से शौचालय की नियमित सफाई नहीं हुई है। केयरटेकर के सामने भी पानी की समस्या बड़ी चुनौती बनी हुई है।
रात के समय समस्या और बढ़ जाती है। पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं होने से लोग मोबाइल की टॉर्च जलाकर शौचालय का इस्तेमाल करने को मजबूर हैं। ऐसे में लाखों रुपये की लागत से बनाया गया स्मार्ट शौचालय आधुनिक सुविधा देने के बजाय अव्यवस्था का उदाहरण बनता नजर आ रहा है।
स्थानीय लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों से शौचालय में तत्काल बिजली कनेक्शन, पानी की व्यवस्था, खराब फर्श की मरम्मत, टोटियों की व्यवस्था और नियमित सफाई कराने की मांग की है।
मामले में बीडीओ राहुल सागर ने बताया कि प्रकरण संज्ञान में है। जांच कराकर शीघ्र ही समस्या का समाधान कराया जाएगा।









