दो रात अंधेरे में रहा कसया, डोल मेले के बाद ट्रांसफार्मर की खराबी ने बढ़ाई परेशानी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रात साढ़े 10 बजे पांच मिनट के लिए आई बिजली, फिर गुल हुई तो देर रात तक परेशान रहे लोग

कसया। डोल मेले के चलते लगातार दो रात बिजली आपूर्ति बाधित रहने से नगरवासियों को उमस भरी गर्मी और अंधेरे में रात गुजारनी पड़ी। बुधवार रात करीब साढ़े 10 बजे बिजली आपूर्ति बहाल हुई, लेकिन पांच मिनट बाद ही तहसील फीडर की बिजली फिर गुल हो गई। इससे घरों और दुकानों में लगे बिजली उपकरण बंद हो गए, जबकि कई घरों के इनवर्टर भी जवाब दे गए। देर रात तक बिजली नहीं आने से लोग परेशान रहे।

जानकारी के अनुसार, दो दिवसीय डोल मेले को देखते हुए मंगलवार शाम पांच बजे से नगर की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई थी। पूरी रात बिजली नहीं आने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। बुधवार को भी मेले के मद्देनजर शाम करीब चार बजे आपूर्ति बंद कर दी गई। रात साढ़े 10 बजे बिजली बहाल होने की उम्मीद थी।

निर्धारित समय पर आपूर्ति शुरू भी हुई, लेकिन महज पांच मिनट बाद ही फिर गुल हो गई।

बिजली विभाग के अनुसार, बिजलीघर में लगे 11 केवी के ट्रांसफार्मर के एक बूस में अचानक खराबी आ गई। इसके चलते तहसील फीडर की आपूर्ति दोबारा ठप हो गई। उमस और गर्मी के बीच लोग बिजली आने का इंतजार करते रहे। बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी हुई।

*मेले के दौरान वैकल्पिक व्यवस्था की जरूरत*

नगरवासी शिवम ने कहा कि मेले के कारण पहले ही लगातार बिजली कटौती झेलनी पड़ी। बुधवार रात बिजली आने पर लोगों ने राहत की सांस ली थी, लेकिन कुछ ही मिनट बाद फिर आपूर्ति बंद हो गई। गर्मी में बच्चों और बुजुर्गों को काफी परेशानी हुई।

अवधेश ने कहा कि दो रात से बिजली व्यवस्था प्रभावित होने से लोगों की दिनचर्या बिगड़ गई है।

रात में उमस के बीच सोना मुश्किल हो गया। मेले के दौरान विभाग को वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए थी, ताकि आम लोगों को परेशानी न हो।

जेई शुभम गौड़ ने बताया कि 11 केवी के ट्रांसफार्मर के बूस में खराबी आ गई थी। कर्मचारियों को लगाकर देर रात तक मरम्मत कराई गई, जिसके बाद बिजली आपूर्ति बहाल करा दी गई।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]