कुशीनगर। जिले में मानकों की अनदेखी कर संचालित किए जा रहे निजी अस्पतालों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। विभाग की जांच में कई निजी अस्पतालों में पंजीकृत चिकित्सकों की अनुपस्थिति, ऑपरेशन थिएटर, बेड, ओपीडी, पैरामेडिकल स्टाफ और जरूरी चिकित्सीय उपकरणों की व्यवस्था में खामियां सामने आई हैं।
जांच के बाद स्वास्थ्य विभाग ने 28 निजी अस्पतालों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है, जबकि बिना पंजीयन संचालित पाए गए दो अस्पतालों को सील कर दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक आठ टीमों ने जिले के अलग-अलग 12 ब्लॉकों में 49 निजी अस्पतालों की जांच की। जांच के दौरान 28 अस्पताल निर्धारित मानकों की कसौटी पर खरे नहीं उतर पाए। इनमें कई अस्पतालों में पंजीकृत चिकित्सक मौके पर मौजूद नहीं मिले। वहीं कुछ अस्पतालों में ऑपरेशन थिएटर और अन्य चिकित्सीय सुविधाओं में भी कमियां पाई गईं।
बिना पंजीयन चल रहे दो अस्पताल सील
विभागीय जांच के दौरान बिना पंजीयन संचालित पाए गए दो निजी अस्पतालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की गई। इनमें विशुनपुरा ब्लॉक स्थित रामचंद्र केयर एंड क्योर क्लीनिक और लोक सेवक अस्पताल, विशुनपुरा शामिल हैं। सीएमओ के निर्देश पर नोडल अधिकारी मौके पर पहुंचे और दोनों अस्पतालों को सील करने की प्रक्रिया पूरी कराई।
स्वास्थ्य विभाग ने दोनों अस्पताल संचालकों को नोटिस जारी करते हुए एक सप्ताह के भीतर जवाब देने को कहा है। संचालकों से पूछा गया है कि बिना पंजीयन अस्पताल का संचालन क्यों किया जा रहा था और उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई क्यों न की जाए।
जांच में डॉक्टर से लेकर उपकरण तक मिलीं कमियां
अधिकारियों के अनुसार जांच के दौरान अस्पतालों में चिकित्सकों की उपलब्धता के साथ ऑपरेशन थिएटर, बेड, ओपीडी, पैरामेडिकल स्टाफ, चिकित्सीय उपकरण, साफ-सफाई और भर्ती मरीजों से संबंधित अभिलेखों की भी पड़ताल की गई। कई स्थानों पर व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिलीं।
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि मरीजों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित अस्पतालों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विभाग की इस कार्रवाई से निजी अस्पताल संचालकों में हड़कंप की स्थिति है। अधिकारियों का कहना है कि बिना पंजीयन अथवा मानकों की अनदेखी कर संचालित होने वाले कुशीनगर में निजी अस्पतालों पर स्वास्थ्य विभाग का शिकंजा, 28 अस्पताल मानकों कुशीनगर में निजी अस्पतालों पर स्वास्थ्य विभाग का शिकंजा, 28 अस्पताल मानकों पर फेल; दो सील सील और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।









