फाजिलनगर, कुशीनगर। नगर पंचायत फाजिलनगर में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण पूरा होने के बाद भी 23 आवंटियों को उनकी दुकानें नहीं मिल सकी हैं। वर्ष 2022 में बेहतर सुविधाओं से लैस शॉपिंग कॉम्प्लेक्स उपलब्ध कराने का भरोसा देकर आवंटियों से छह-छह लाख रुपये एडवांस जमा कराए गए थे। अब चार साल बीतने के बाद भी दुकानें नहीं मिलने से आवंटियों की चिंता बढ़ गई है।
आवंटियों का कहना है कि उन्होंने दुकानें मिलने की उम्मीद में अपनी जमा पूंजी लगाई थी। उनका उद्देश्य था कि जल्द ही दुकानें मिलेंगी और वे अपना व्यवसाय शुरू कर सकेंगे। लेकिन निर्माण कार्य में देरी के कारण उनका इंतजार लंबा होता चला गया। उनका कहना है कि यदि यही रकम किसी दूसरे व्यवसाय में लगाई होती तो अब तक कुछ न कुछ लाभ जरूर होता।
निर्माण पूरा, फिर भी कब्जे का इंतजार
नगर पंचायत के तत्कालीन प्रशासक ज्वाइंट मजिस्ट्रेट पूर्ण बोरा ने आवंटियों को बेहतर सुविधाओं वाला शॉपिंग कॉम्प्लेक्स उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाते हुए 23 आवंटियों से छह-छह लाख रुपये जमा कराए थे। उस समय बताया गया था कि दो वर्ष के भीतर कॉम्प्लेक्स तैयार कर सभी को दुकानें दे दी जाएंगी।
आवंटियों के अनुसार, चार साल बीत जाने के बाद भी उन्हें दुकानें नहीं मिलीं। उनका कहना है कि अब निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, ऐसे में कब्जा देने में और देरी नहीं होनी चाहिए।
इस संबंध में नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि तकनीकी कारणों से निर्माण में देरी हुई थी, लेकिन अब निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। सफाई आदि का मामूली काम बाकी है, जिसे कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शेष कार्य जल्द पूरा कर सभी आवंटियों को उनकी दुकानें सौंप दी जाएंगी।
आवंटियों की मांग—अब और इंतजार नहीं
आवंटियों का कहना है कि उन्होंने लंबे समय से दुकान मिलने का इंतजार किया है। अब जब निर्माण कार्य पूरा हो चुका है तो नगर पंचायत को बिना किसी और देरी के दुकानों का कब्जा सौंप देना चाहिए।
चार साल पहले जमा कराया गया पैसा, अब भी दुकान का इंतजार… सवाल यही है कि जब निर्माण पूरा हो चुका है तो आवंटियों को उनकी दुकानें कब मिलेंगी?
फाजिलनगर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण पूरा होने के बाद भी आवंटियों को नहीं मिलीं दुकानें, छह-छह लाख रुपये जमा कराने वालों की बढ़ी चिंता








