रामकोला में 1992 के किसान आंदोलन में शहीद हुए किसानों की याद में होगा आयोजन, हर वर्ष मुलायम सिंह यादव के परिवार का सदस्य होता है शामिल
कुशीनगर। रामकोला में 1992 के किसान आंदोलन के दौरान शहीद हुए किसानों की याद में आगामी 10 सितंबर को किसान शहीद दिवस मनाया जाएगा। आयोजन में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव के पुत्र एवं बदायूं के सांसद आदित्य यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
बताया गया कि रामकोला में वर्ष 1992 में किसान तत्कालीन गंगेश्वर चीनी मिल पर अपने गन्ने के मूल्य के लिए आंदोलन कर रहे थे। आंदोलन के दौरान किसानों और पुलिस प्रशासन के बीच टकराव की स्थिति बनी। आंदोलन के 22वें दिन नेताओं ने चीनी मिल के अधिकारियों को पकड़कर धरने पर बैठा लिया था।
इसके बाद पुलिस प्रशासन ने आंदोलन का नेतृत्व कर रहे नेताओं के साथ 72 किसानों को हिरासत में ले लिया था। हिरासत में लिए गए नेताओं और किसानों की रिहाई की मांग को लेकर किसानों ने थाने को घेर लिया था।
आंदोलन को कुचलने के लिए 10 सितंबर को तत्कालीन भाजपा सरकार के कार्यकाल में किसानों पर गोली चलवाई गई थी। इस घटना में दो किसान—पड़ोही दलित और जमीदार मियां—शहीद हो गए थे। किसान आंदोलन के दौरान हुई इस घटना ने रामकोला को गहरे जख्म दिए थे।
हर वर्ष शहीद किसानों को याद करने की परंपरा
इन्हीं शहीद किसानों की शहादत को याद करने के लिए हर वर्ष किसान शहीद दिवस का आयोजन किया जाता है। इस कार्यक्रम में मुलायम सिंह यादव के परिवार का कोई न कोई सदस्य शामिल होता है।
आंदोलन के दौरान जेल से रिहा होने के बाद मुलायम सिंह यादव ने समाजवादी पार्टी का गठन किया था। इसके बाद उन्होंने रामकोला के शहीद दिवस में शामिल होने की परंपरा शुरू की थी। रक्षा मंत्री के रूप में शामिल होते हुए उन्होंने घोषणा की थी कि जब तक शहीद दिवस का आयोजन होगा, उसमें उनके परिवार का कोई न कोई सदस्य जरूर शामिल होगा।
इसी परंपरा के तहत इस वर्ष शिवपाल यादव के पुत्र एवं बदायूं के सांसद आदित्य यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। आयोजन में शहीद किसानों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी और उनके संघर्ष को याद किया जाएगा।
किसान शहीद दिवस का यह आयोजन रामकोला के इतिहास में दर्ज उस आंदोलन की याद दिलाता है, जिसमें किसानों ने अपने हक के लिए संघर्ष किया था और दो किसानों ने अपनी जान गंवाई थी।








