महराजगंज में कांग्रेस का वृहद संवाद सम्मेलन, 2027 की तैयारी में जुटने का आह्वान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। जिला मुख्यालय स्थित एक अतिथि गृह में कांग्रेस जिला कार्यकारिणी, नेताओं एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का वृहद संवाद सम्मेलन आयोजित किया गया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय सिंह एडवोकेट की अध्यक्षता में हुए सम्मेलन में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी अभिषेक दत्त मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अभिषेक दत्त ने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी के कारण आमजन परेशान है।

नौजवान आंदोलन कर रहे हैं और किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अगले चार माह में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर संगठन को मजबूत कर वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का उठाया मुद्दा

कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने अभिषेक दत्त का स्वागत करते हुए उनके पूर्व कर्नाटक प्रभारी के रूप में किए गए कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव और गली-गली संघर्ष कर संगठन को मजबूत किया, जिसके परिणामस्वरूप कांग्रेस की सरकार बनी।

फरेंदा विधायक वीरेंद्र चौधरी ने महराजगंज में उच्च शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि आसपास के जिलों में विश्वविद्यालय स्थापित हो चुके हैं, लेकिन महराजगंज में अब तक सरकारी या निजी विश्वविद्यालय की स्थापना नहीं हो सकी है। उन्होंने जिले में सरकारी मेडिकल कॉलेज नहीं होने का मुद्दा भी उठाया। निजी मेडिकल कॉलेज को लेकर उन्होंने सत्ता के संरक्षण में शोषण का आरोप लगाया।

विधायक ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस गठबंधन की सरकार बनने पर शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र को प्राथमिकता दी जाएगी तथा महराजगंज में विकास और बदलाव की नई शुरुआत होगी।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद

सम्मेलन में पूर्व जिलाध्यक्ष झिनकू चौधरी, शरद कुमार सिंह बबलू, अवनीश पाल, शरदेंदु पांडेय, सदा मोहन उपाध्याय, राजू गुप्ता, कपिल देव शुक्ला, विनोद कुमार सिंह, विनीत सिंह, जिला पंचायत सदस्य सुरेश साहनी, गोपाल शाही, अनवर खान, जग्गू प्रसाद, डॉ. रामनारायण चौरसिया, पूर्णमासी यादव, चंद्रजीत भारती, इंजीनियर शिवपूजन, राजन शुक्ला, नूर आलम, बख्शीश अली, अंबरीश शाही, चंदन तिवारी, हृदय नारायण पांडेय, प्रभाकर द्विवेदी, अफजल अब्बासी, नेहाल इराकी, देव यादव, रामरतन प्रजापति, राजाराम प्रधान, यंत्री प्रसाद मौर्य, विधि नारायण वर्मा, तेज बहादुर पांडेय, प्रमोद पांडेय, डॉ. अकील अहमद समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम से पूर्व अभिषेक दत्त का विभिन्न स्थानों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। अंत में जिलाध्यक्ष विजय सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यकर्ताओं से आगामी संघर्ष के लिए एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]