12 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत, अधिकाधिक मामलों के निस्तारण की तैयारी तेज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को अभूतपूर्व सफल बनाने और अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण की तैयारी तेज कर दी गई है। इसी क्रम में अपर जनपद न्यायाधीश प्रथम एवं राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी संजय मिश्रा की अध्यक्षता में उनके विश्राम कक्ष में बैंक अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में विभिन्न बैंकों के अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान लीड बैंक के एलडीएम भूपेन्द्र मिश्र, आईओबी के प्रबंधक मोहित सक्सेना, यूको बैंक के प्रबंधक सृजन श्रीवास्तव, बीओबी के प्रबंधक रविश चन्द गुप्ता, बैंक ऑफ महाराष्ट्र के शाखा प्रबंधक विनय कुमार, सीबीआई के शाखा प्रबंधक सत्ययेन्द्र पुष्कर, केनरा बैंक के वरिष्ठ शाखा प्रबंधक बृजेश कुमार सिन्हा, एसबीआई की शाखा प्रबंधक दिव्या गौड, पीएनबी के मुख्य शाखा प्रबंधक सुमीत कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक के रिकवरी मैनेजर अभिषेक त्रिपाठी तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव/सिविल जज (वरिष्ठ खण्ड) सुनील कुमार नागर भी बैठक में उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान नोडल अधिकारी संजय मिश्रा ने सभी बैंक अधिकारियों से राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए अपने-अपने बैंकों से संबंधित अधिकाधिक मामलों का चिन्हांकन करने और उनके निस्तारण की प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि लोक अदालत का उद्देश्य अधिक से अधिक मामलों का सरल एवं प्रभावी तरीके से निस्तारण कराना है, जिससे पक्षकारों को अनावश्यक लंबी कानूनी प्रक्रिया से राहत मिल सके।

अधिकारियों से लोक अदालत के लिए चिन्हित मामलों में आवश्यक कार्रवाई समय से पूरी करने तथा अधिक से अधिक पात्र मामलों को निस्तारण के लिए प्रस्तुत करने पर जोर दिया गया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से सर्वसाधारण से अपील की गई है कि वे आगामी 12 सितंबर को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में उपस्थित होकर अपने-अपने लंबित मुकदमों एवं संबंधित मामलों का निस्तारण कराने का प्रयास करें। लोक अदालत के माध्यम से मामलों के समाधान का लाभ उठाकर पक्षकार समय और अनावश्यक परेशानी से बच सकते हैं।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]