महराजगंज। क्षेत्र पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही एक महिला ने सोशल मीडिया पर डाली गई पोस्ट पर आपत्तिजनक टिप्पणी और धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। महिला ने आरोपितों के खिलाफ दर्ज मुकदमे में प्रभावी कार्रवाई कराने तथा उनकी गिरफ्तारी की मांग की है।
बृजमनगंज थाना क्षेत्र की निवासी प्रार्थिनी के अनुसार, उसने 26 अगस्त 2026 को क्षेत्र पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ने के उद्देश्य से सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डाली थी। आरोप है कि पोस्ट पर खुशियालजोत महुलानी निवासी एक व्यक्ति और उसके साथी, नगर पंचायत बृजमनगंज क्षेत्र के अवधनगर निवासी जवाहिर ने आपत्तिजनक टिप्पणी की। विरोध करने पर कथित रूप से जान से मारने की धमकी भी दी गई।
प्रार्थिनी का कहना है कि शिकायत के बाद काफी प्रयास के पश्चात 29 अगस्त 2026 को आरोपितों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद भी आरोपितों की गतिविधियां नहीं रुकीं। दो सितंबर की शाम जवाहिर ने कथित तौर पर महिला की फोटो लगाकर फिर से सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी की।
महिला ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद पुलिस द्वारा आरोपितों को थाने पर नहीं लाया गया है और वे खुलेआम घूम रहे हैं। इससे वह स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रही है।
महिला ने मामले में निष्पक्ष जांच कर आरोपितों के खिलाफ प्रभावी कानूनी कार्रवाई और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।









