महराजगंज। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने जमीन विवाद को लेकर गांव के ही एक व्यक्ति पर मोबाइल फोन पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायती पत्र के अनुसार, खुशियालजोत महुलानी निवासी दुर्गेश का गांव के ही विवेक पुत्र सीताराम से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। आरोप है कि करीब 15 दिन पूर्व विवेक ने मोबाइल फोन पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी थी।
पीड़ित का आरोप है कि कुछ दिन पहले गांव की एक महिला के माध्यम से उसके विरुद्ध छेड़खानी का मुकदमा दर्ज कराने का प्रयास किया गया। हालांकि, पुलिस की पूछताछ में महिला द्वारा कथित घटना की वास्तविकता बताए जाने की बात शिकायत में कही गई है।
शिकायती पत्र में आगे आरोप लगाया गया है कि विवेक ने पीड़ित के चाचा को फोन कर धमकी दी कि यदि जमीन की ओर गए तो उक्त महिला को लेकर पुलिस अधीक्षक के पास जाकर सभी को फंसा देगा। इसके बाद पीड़ित ने विवेक के घर के बाहर लगे जीएसटी बोर्ड का फोटो ले लिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होने तथा गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप लगाया गया है।
पीड़ित ने शिकायत के साथ कथित बातचीत का ऑडियो भी पुलिस के समक्ष प्रस्तुत करने की बात कही है। उसने पुलिस अधीक्षक से मामले की जांच कर आरोपित के विरुद्ध उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
हालांकि, लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।









