कुशीनगर। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने सोमवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ निर्वाचन कार्यालय स्थित ईवीएम वेयरहाउस का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी, विद्युत आपूर्ति और अन्य संवेदनशील व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस के चारों ओर लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति और कार्यशीलता, कैमरों की कवरेज, कक्षवार विद्युत आपूर्ति एवं बैकअप व्यवस्था, खिड़कियों व रोशनदानों की सुरक्षा तथा प्रवेश और निकास व्यवस्था को देखा।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और सभी सुरक्षा उपकरण हमेशा क्रियाशील रहें। उन्होंने बाहरी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी सुनिश्चित करने तथा कैमरों की नियमित जांच कराने के निर्देश दिए। साथ ही विद्युत आपूर्ति, बैकअप और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को भी सुचारु बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि ईवीएम वेयरहाउस निर्वाचन प्रक्रिया की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण और संवेदनशील परिसर है। इसलिए निर्वाचन आयोग के निर्धारित प्रोटोकॉल और दिशा-निर्देशों का पूरी गंभीरता से पालन किया जाए।
उन्होंने अनधिकृत प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगाने के साथ सुरक्षा से जुड़े सभी अभिलेखों और व्यवस्थाओं को अद्यतन रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी वैभव मिश्र, समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष राम अवध यादव, भारतीय जनता पार्टी के चुनाव प्रबंधन से केशव उपाध्याय, बहुजन समाज पार्टी के कार्यालय प्रभारी सुभाष भास्कर, कांग्रेस अधिवक्ता प्रकोष्ठ से धनंजय सिंह, आम आदमी पार्टी से सत्येंद्र कुमार यादव, अपना दल के जिलाध्यक्ष राकेश कुमार पटेल, जिला उद्यान अधिकारी, प्रधान सहायक सैयद कमाल असगर रिजवी, वरिष्ठ सहायक ब्रजभूषण प्रजापति, कम्प्यूटर सहायक शशि कुमार मद्धेशिया सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
साजिद अंसारी पड़रौना









