नगर की समस्याओं को लेकर कांग्रेस का नगरपालिका कार्यालय पर प्रदर्शन, 10 सूत्री मांगों का सौंपा ज्ञापन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर, मुगलसराय। सोमवार को नगर की बदहाल सफाई व्यवस्था, जलभराव और छुट्टा पशुओं की समस्या को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगरपालिका कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। शहर कांग्रेस कमेटी मुगलसराय के अध्यक्ष बृजेश गुप्ता के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अधिशासी अधिकारी को 10 सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपते हुए नगर की समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की।

शहर अध्यक्ष बृजेश गुप्ता ने आरोप लगाया कि नगर के कई वार्डों में बारिश के बाद जलभराव की गंभीर समस्या बनी हुई है। मवई, हनुमानपुर और अलीनगर समेत कई इलाकों में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उनका आरोप है कि सफाई निरीक्षक द्वारा जल निकासी और सफाई व्यवस्था पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। इसके अलावा कई स्थानों पर सड़क और नालियां भी जर्जर स्थिति में हैं।
उन्होंने नगर में बढ़ती छुट्टा पशुओं की समस्या का मुद्दा भी उठाया।

कहा कि पूर्व में चलाया जा रहा पशु पकड़ने का अभियान बंद होने से राहगीरों को परेशानी हो रही है और कई लोग घायल भी हो रहे हैं। उन्होंने एक बीमार गाय का मामला उठाते हुए आरोप लगाया कि सूचना और पत्र देने के बावजूद समय से उसे नहीं उठाया गया। कांग्रेस ने इस मामले में जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई और एफआईआर की मांग की।

जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष दयाराम पटेल ने कहा कि बारिश के चलते सफाई कर्मियों और सफाई निरीक्षक की लापरवाही से नगर की व्यवस्था प्रभावित हुई है। उन्होंने जल्द समस्याओं का समाधान कराने की मांग की।
वहीं उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य एवं अधिवक्ता डॉ. नारायण मूर्ति ओझा ‘मुन्ना ओझा’ ने कहा कि मुगलसराय चंदौली जनपद का प्रमुख नगर है, लेकिन वर्तमान में कई इलाकों में जलभराव, सड़कों पर सिल्ट और छुट्टा पशुओं की समस्या बनी हुई है। उन्होंने नगर में साफ-सफाई, जल निकासी और दवाओं के छिड़काव समेत सभी समस्याओं के समाधान की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी कार्यकर्ता नगर पालिका का घेराव करते हुए विशाल धरना-प्रदर्शन करेंगे और समस्याओं के समाधान तक आंदोलन जारी रखने की बात कही।

अशोक कुमार जायसवाल

और पढ़ें

[the_ad id="164"]