लखीमपुर खीरी। सिंगाही थाना क्षेत्र में चार साल की मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी के मामले में फरार चल रहे 65 वर्षीय आरोपी खलील को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पुलिस अभिरक्षा से फरार होने के बाद जंगल में छिपा हुआ था।
पुलिस के मुताबिक, सिंगाही पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम आरोपी की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान जंगल में पुलिस को देखते ही आरोपी ने कथित तौर पर 315 बोर के तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, जिंदा और खोखा कारतूस बरामद करने का दावा किया है। घायल आरोपी को इलाज के लिए सीएचसी निघासन में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि आरोपी मेडिकल के दौरान पुलिसकर्मी को धक्का देकर अभिरक्षा से फरार हो गया था। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत तीन मुकदमे दर्ज हैं।
रिपोर्ट: लखीमपुर खीरी









