जालौन जिले के रामपुरा थाना अंतर्गत ग्राम गौरा चिरैया में अज्ञात चोरों ने देर रात एक घर को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने घर के कमरे की कुंडी और साकार काटकर अंदर प्रवेश किया और लाखों रुपये के जेवरात, नकदी समेत कपड़े व अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए।बताया जा रहा है कि घटना की जानकारी उस समय हुई, जब गृह स्वामी जाग और देखा कमरे का सामान बिखरा है और कुंडी व साकार कटा हुआ देखकर उसके होश उड़ गए।
जब गृह स्वामी ने घर के अंदर रखे सामान की जांच की तो लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात, नकदी, चूड़ियां, साड़ियां और अन्य घरेलू सामान गायब मिले।चोरी की जानकारी मिलते ही घर में हड़कंप मच गया।
गृह स्वामी ने तत्काल घटना की सूचना रामपुरा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने घर के आसपास की स्थिति और चोरी के तरीके की जानकारी जुटाई।
गृह स्वामी के मुताबिक, अज्ञात चोर रात के अंधेरे का फायदा उठाकर घर में घुसे और कमरे को निशाना बनाया। चोरों ने काफी सामान खंगाला और कीमती सामान लेकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद ग्रामीणों में भी चोरी की वारदात को लेकर चिंता का माहौल है।
पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और संदिग्ध लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। हालांकि चोरी गए सामान की वास्तविक कीमत और नकदी की पूरी जानकारी गृह स्वामी द्वारा दी गई तहरीर एवं जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।फिलहाल पुलिस अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द घटना का खुलासा किए जाने की बात कही जा रही है।
रिपोर्टर महेन्द्र कुमार गौतम









