पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, काशी प्रांत की पदाधिकारी बैठक रविवार को मैक्सवेल सुपर मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल, वाराणसी के सभागार में आयोजित हुई। बैठक में पूर्व सैनिकों ने देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को मजबूत करने के साथ विकसित राष्ट्र के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि देश में रहने वाले लोग भले ही अलग-अलग भाषा, पंथ, संप्रदाय, राज्य और विचारधारा से जुड़े हों, लेकिन सभी की राष्ट्रीयता एक है। उत्तर से दक्षिण और पूर्व से पश्चिम तक भारत की एकता एवं अखंडता को हर हाल में बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
वक्ताओं ने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करने के बाद अब पूर्व सैनिकों की जिम्मेदारी समाज को जोड़ने की है। देश और समाज के ताने-बाने को कमजोर करने वाली ताकतों के खिलाफ जागरूकता फैलाने के साथ सामाजिक समरसता को मजबूत करना जरूरी है।बैठक में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के विचार को साकार करने पर भी जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि पूर्व सैनिक समाज के अंतिम पायदान पर खड़े गरीब, दलित, शोषित और वंचित वर्ग के बीच पहुंचकर उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने तथा उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य करेंगे।

कार्यक्रम के संयोजक एवं आयोजक डॉ. के.एन. पांडेय, संगठन मंत्री, अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद काशी प्रांत रहे। मुख्य अतिथि काशी प्रांत के प्रांत प्रचारक रमेश जीभाई साहब रहे। अति विशिष्ट अतिथि सह प्रांत कार्यवाह राकेश जी तथा विशिष्ट अतिथि कैप्टन इंदल सिंह चंदेल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता इंजीनियर रेवती रमण तिवारी ने की, जबकि संचालन प्रांत महासचिव सुदीप मिश्रा ने किया।
इस दौरान कैप्टन बालचरण मौर्य, कैप्टन विनोद कुमार उपाध्याय, सूबेदार अनिल ओझा, सूबेदार सर्वजीत मिश्रा, राम अवतार पाल, कैप्टन यू.एन. यादव, सूबेदार मेजर नरेंद्र तिवारी, वारंट अफसर संतोष तिवारी, सूबेदार धीरज सिंह, सूबेदार राज नारायण मौर्य, कैप्टन रमेश शर्मा, सभासद दीनदयाल नगर तथा सूबेदार सुरेश कुमार सैनी सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक मौजूद रहे।
अशोक कुमार जायसवाल









