बारिश के पानी के छींटे को लेकर विवाद में मारपीट, घायल युवक की मेडिकल कॉलेज में मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र के लोहेपार गांव में बारिश के पानी के छींटे पड़ने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद बुधवार को मारपीट में बदल गया। घटना में गंभीर रूप से घायल सोनू यादव की शुक्रवार शाम गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही गांव में तनाव का माहौल बन गया।

बताया जा रहा है कि बारिश के दौरान पानी का छींटा पड़ने को लेकर प्रदीप और प्रेम यादव के परिवार के बीच कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। इसी दौरान हुई मारपीट में सोनू यादव गंभीर रूप से घायल हो गया।

परिजन सोनू को उपचार के लिए सिसवा बाजार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल महराजगंज रेफर कर दिया। हालत में सुधार नहीं होने पर उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां शुक्रवार शाम उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना को लेकर दोनों पक्षों ने कोठीभार पुलिस को तहरीर दी थी। एक पक्ष के प्रदीप ने आरोप लगाया कि मुकेश यादव शराब के नशे में उसके और परिवार के लोगों के साथ अपशब्दों का प्रयोग कर रहे थे। विरोध करने पर मुकेश अपने परिजनों के साथ मारपीट करने लगे। वहीं दूसरे पक्ष के प्रेम यादव ने आरोप लगाया कि बारिश के पानी का छींटा पड़ने को लेकर प्रदीप और उसके परिवार के लोगों ने मारपीट की, जिसमें सोनू गंभीर रूप से घायल हुआ।

थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकेश, रामकरन समेत अन्य तथा दूसरे पक्ष के राम आशीष, प्रदीप, गुलशन और लालू के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। सोनू की मौत के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]