महराजगंज/बृजमनगंज। आलमाइटी पब्लिक इंटरमीडिएट कॉलेज, बृजमनगंज में शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह ने मां सरस्वती एवं डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि बजरंग बहादुर सिंह ने कहा कि शिक्षा समाज और व्यक्ति के विकास की आधारशिला है। शिक्षा से चरित्र निर्माण के साथ-साथ राष्ट्रीयता की भावना भी विकसित होती है। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज को सही दिशा देने का कार्य करते हैं, इसलिए उनका सम्मान करना सभी का दायित्व है।
विशिष्ट अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने विद्यालय द्वारा क्षेत्र के सेवानिवृत्त शिक्षकों को सम्मानित किए जाने की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षकों ने अपने जीवन का महत्वपूर्ण समय समाज और विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने में लगाया है, इसलिए वे सम्मान के अधिकारी हैं।
विद्यालय के प्रबंधक महमूद आलम ने कहा कि डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती को शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाना शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज के शिल्पकार होते हैं और उनके मार्गदर्शन से ही उन्नत समाज का निर्माण संभव है।
इस अवसर पर प्रबंधक महमूद आलम ने क्षेत्र के सेवानिवृत्त शिक्षकों को अंगवस्त्र एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया। विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को भी विद्यालय की ओर से उपहार देकर पुरस्कृत किया गया।









