महराजगंज। मिशन शक्ति फेज-5.0: बहु-बेटी सम्मेलन में महिलाओं को सुरक्षा और अधिकारों के प्रति किया जागरूकशक्ति फेज-5.0 अभियान के तहत रविवार को थाना कोतवाली क्षेत्र के सवना गांव में बहु-बेटी सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, अधिकारों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया।
सम्मेलन का नेतृत्व थाना कोतवाली की मिशन शक्ति टीम की महिला उपनिरीक्षक निहारिका रंजन, महिला आरक्षी चंदा यादव और महिला आरक्षी पूजा मिश्रा ने किया। कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता नीतू देवी, आशा बहू मीरा सहित करीब 45 महिलाओं एवं बालिकाओं ने भाग लिया।
पुलिस टीम ने महिलाओं को छेड़छाड़, दहेज उत्पीड़न, दहेज हत्या, बलात्कार और साइबर अपराध जैसे मामलों से बचाव के उपाय बताए। साथ ही किसी भी विपरीत परिस्थिति में सतर्क रहने और समय रहते पुलिस की मदद लेने के लिए प्रेरित किया गया।

महिलाओं को आपातकालीन सहायता के लिए 112, वूमेन पावर हेल्पलाइन 1090 और स्वास्थ्य सेवा 102 के बारे में जानकारी दी गई। इसके अलावा ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ सहित महिलाओं और बालिकाओं के सशक्तिकरण से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई।
सम्मेलन में महिलाओं ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी से उन्हें अपनी समस्याओं की शिकायत करने में सहूलियत मिलेगी। पुलिस टीम ने महिलाओं से किसी भी समस्या को छिपाने के बजाय तत्काल संबंधित हेल्पलाइन या पुलिस को सूचना देने की अपील की।









