हाटा, कुशीनगर। हाटा में शनिवार को साहित्य और संस्कृति से जुड़ा खास आयोजन देखने को मिला। स्थानीय श्री गाँधी स्मारक इण्टर कॉलेज के साहित्य परिषद के तत्वावधान में लेखक अजय वर्मा की द्वितीय पुस्तक ‘रास्ते बुलाते हैं’ का भव्य लोकार्पण विद्यालय सभागार में किया गया। यह पुस्तक एक यात्रा-वृत्तांत है, जिसमें यात्राओं के अनुभवों के साथ जीवन और समाज के विभिन्न पहलुओं को शब्दों में पिरोया गया है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य नागेश्वर पति त्रिपाठी ने की। वहीं विशिष्ट वक्ता के रूप में डॉ. ममता मणि त्रिपाठी, प्राचार्य उदित नारायण स्नातकोत्तर महाविद्यालय पडरौना, डॉ. मोहन पाण्डेय ‘भ्रमर’, डॉ. जितेन्द्र कुमार मिश्र, डॉ. रमेशचन्द्र विश्वकर्मा और प्रबंधक अविनाश मिश्र समेत कई शिक्षाविद और साहित्यकार मौजूद रहे।
वक्ताओं ने पुस्तक की सराहना करते हुए कहा कि ‘रास्ते बुलाते हैं’ केवल यात्राओं का विवरण नहीं, बल्कि जीवन के संघर्ष, संस्कृति और मानवीय संवेदनाओं को समझने का माध्यम है। लेखक ने पहाड़ी रास्तों, गांवों की संस्कृति और यात्रा के अनुभवों को सरल और आत्मीय हिंदी में प्रस्तुत किया है।
लेखक अजय वर्मा ने कहा कि यह पुस्तक उन लोगों के लिए है, जो रास्तों पर चलते हुए जीवन के नए अर्थ तलाशते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि पुस्तक युवाओं को निरंतर अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी। ‘रास्ते बुलाते हैं’ पुस्तक अब Amazon पर भी उपलब्ध है।









