महराजगंज। पनियरा थाना क्षेत्र के ग्राम मुजुरी निवासी एवं भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के जिलाध्यक्ष रामअशीष ने कुछ लोगों पर अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले में जांच कर दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
जिला अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल पत्र में रामअशीष ने बताया कि वह सामाजिक कार्यकर्ता हैं और किसानों एवं दबे-कुचले लोगों की समस्याओं को लोकतांत्रिक तरीके से शासन-प्रशासन तक पहुंचाते हैं। ग्राम तेंदुअहिया में पट्टेदार किसानों को न्याय दिलाने के लिए उन्होंने कथित भू-माफिया के खिलाफ 37 दिनों तक शांतिपूर्ण धरना दिया था। उनका दावा है कि इसके बाद प्रशासन के हस्तक्षेप से किसानों को न्याय मिला।
रामअशीष के अनुसार, 4 सितंबर को दोपहर करीब एक बजे कार्यकर्ताओं के बुलाने पर वह तेंदुअहिया पहुंचे थे। आरोप है कि वहां कुछ लोगों ने उन्हें बातचीत के लिए छावनी टोला महुआरी के पास बुलाया और अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज की। किसी तरह वहां से निकलकर घर लौटते समय विनोद पुत्र मोतीलाल ने मोटरसाइकिल से पीछा कर सुमेर टेंट हाउस के सामने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि वहां भी गाली-गलौज करते हुए धमकियां दी गईं।
उन्होंने आशंका जताई कि आरोपी उनके साथ कभी भी अप्रिय घटना कर सकते हैं। भाकियू जिलाध्यक्ष ने दोषियों की पहचान कर मुकदमा दर्ज करने, किसानों की पूर्व शिकायतों पर कार्रवाई करने तथा विवाद की स्थिति को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि उचित कार्रवाई नहीं होने पर किसान अनिश्चितकालीन धरना देने के लिए बाध्य होंगे। इस मौके पर सुरेश चंद साहनी, मुरारी प्रसाद, सुरेंद्र, निर्मला, कल्याणी, परशुराम, महेंद्र, विवेक, रामवृक्ष, रामदास, दुर्गावती, प्रकाश, सीमा देवी, चंद्रा देवी, तथा तमाम लोग उपस्थित रहे।









