पुलिस लाइन में श्रद्धा और हर्षोल्लास से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव डीएम व एसपी ने विधि-विधान से की पूजा-अर्चना और आरती

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंजश्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर रिजर्व पुलिस लाइन महराजगंज में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पुलिस लाइन स्थित मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया और भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकी स्थापित की गई।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने विधि-विधानपूर्वक भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर आरती की। अधिकारियों ने जनपदवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।

मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना और आरती हुई। ‘जय श्रीकृष्ण’ और ‘जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से पूरा पुलिस लाइन परिसर भक्तिमय हो उठा। पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक जन्मोत्सव में सहभागिता की। खासकर बच्चों में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।

जन्मोत्सव के बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण किया गया। इस आयोजन ने पुलिस परिवार को एक साथ धार्मिक और सांस्कृतिक पर्व मनाने का अवसर प्रदान किया।

जनपद के विभिन्न थाना परिसरों में भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। पुलिसकर्मियों ने मंदिरों और परिसरों में आकर्षक झांकियां सजाकर पूजा-अर्चना की।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, सभी क्षेत्राधिकारीगण सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी, पुलिसकर्मी और उनके परिवारजन मौजूद रहे।

रिपोर्टर राजू खान

और पढ़ें

[the_ad id="164"]