कसया। थाना क्षेत्र के डुमरी चुरामनछपरा गांव के पतई टोला में बृहस्पतिवार देर शाम टहलने निकली 70 वर्षीय महिला के साथ अज्ञात लोगों ने मारपीट की। महिला के कान की बाली और नाक का सोने का टप्स छीनने का भी आरोप है। मारपीट में घायल महिला सड़क किनारे लहूलुहान हालत में मिलीं। गंभीर स्थिति में उन्हें जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार
पतई टोला निवासी तेतरी देवी (70) पत्नी मिठाई लाल बृहस्पतिवार देर शाम गांव के बाहर सड़क पर टहलने गई थीं। इसी दौरान अज्ञात लोगों ने उन्हें घेर लिया और मारपीट की। आरोप है कि हमलावर उनके कान की बाली और नाक का सोने का टप्स छीनकर फरार हो गए। मारपीट में गंभीर रूप से घायल तेतरी देवी सड़क किनारे पड़ी रहीं।
कुछ देर बाद वहां से गुजर रहीं गांव की महिलाओं की नजर घायल महिला पर पड़ी। महिलाओं के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को एंबुलेंस से जिला अस्पताल रविंद्रनगर ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर गोरखपुर चले गए, जहां उनका उपचार चल रहा है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है और उन्होंने आरोपियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में कसया एसओ इत्यानंद पांडेय ने बताया कि मामले में मारपीट की तहरीर मिली है। जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, परिजनों के अनुसार घायल महिला के साथ परिवार के लोग मेडिकल कॉलेज गोरखपुर गए हैं और घटना से संबंधित अभी कोई तहरीर थाने पर नहीं दी गई है।









