कसया। अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट जाने वाले मार्ग पर बाइक स्टंटबाजी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बृहस्पतिवार दोपहर स्टंटबाजी के दौरान एक बाइक पर सवार तीन युवकों ने सामने से आ रही बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एयरपोर्ट कर्मचारी समेत पांच युवक घायल हो गए।
एयरपोर्ट कर्मचारी का पैर टूट गया। गंभीर हालत में दो घायलों को मेडिकल कॉलेज, रविंद्र नगर धूस रेफर किया गया।
पतया निवासी अभय मद्धेशिया बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान गोरखपुर निवासी एयरपोर्ट कर्मचारी प्रकाश गुप्ता ने बाजार तक जाने के लिए उनसे लिफ्ट मांगी।
प्रकाश को बाइक पर बैठाकर अभय आगे बढ़े ही थे कि एक बाइक पर सवार तीन युवक अबरार सिद्दीकी निवासी सिताबारी गोबरही, इरफान अंसारी और अरमान अंसारी निवासी गंगा छपरा कथित तौर पर स्टंटबाजी करते हुए अनियंत्रित हो गए। उनकी बाइक सामने से आ रही अभय की बाइक से जोरदार टकरा गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि अभय और प्रकाश सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं दूसरी बाइक पर सवार तीनों युवक भी गिरने से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसया पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद अभय और प्रकाश की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने दोनों को मेडिकल कॉलेज, रविंद्र नगर धूस रेफर कर दिया।
स्टंटबाजों से राहगीरों में दहशत
एयरपोर्ट मार्ग पर बाइक से स्टंट करने वाले युवकों की मनमानी से राहगीरों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार और खतरनाक तरीके से बाइक चलाने वालों पर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने ऐसे बाइक सवारों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
कस्बा चौकी प्रभारी मनोज द्विवेदी ने बताया कि मामला संज्ञान में है। जांच-पड़ताल की जा रही है। तथ्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।









