लखीमपुर खीरी के मैगलगंज में करोड़ों रुपये की लागत से बनाए गए दो महत्वपूर्ण पुलों की एप्रोच सड़कें महज छह महीने में ही जगह-जगह उखड़ने लगी हैं। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
करोड़ों रुपये की लागत से तैयार इन पुलों की सड़कें इतनी जल्दी खराब होने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।मैगलगंज में सेतु निगम की ओर से दो महत्वपूर्ण पुलों का निर्माण कराया गया है। इनमें कठिना नदी पर बने पुल की लागत करीब 14 करोड़ 98 लाख रुपये,
जबकि लोहिया पुल के निर्माण पर करीब 14 करोड़ 51 लाख रुपये खर्च हुए हैं। यानी दोनों पुलों की कुल लागत करीब 29 करोड़ 49 लाख रुपये है।स्थानीय लोगों के मुताबिक, दोनों पुलों का लोकार्पण हुए अभी करीब छह महीने ही हुए हैं, लेकिन पुलों से जुड़ी एप्रोच सड़कें कई जगह से उखड़ने लगी हैं।
सड़क पर बने गड्ढे अब राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं।बताया जा रहा है कि कठिना नदी पर बना लोहिया पुल विधायक सौरभ सिंह सोनू के पैतृक गांव चुरईपुरवा से जगदीशपुर जाने वाले मार्ग पर स्थित है। यह मार्ग आसपास के लोगों के लिए आवागमन का महत्वपूर्ण रास्ता है।
करोड़ों रुपये की लागत से तैयार दोनों पुलों की एप्रोच सड़क की मौजूदा स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि निर्माण के कुछ ही महीनों बाद सड़क का उखड़ना चिंता का विषय है। लोगों ने सड़क की मरम्मत के साथ ही निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच की मांग की है।









