कसया। राज्य मद्यनिषेध परिषद, उत्तर प्रदेश सरकार के उपाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री स्तर के दर्जा प्राप्त बृजेश शुक्ला ने गुरुवार को कुशीनगर स्थित एक निजी होटल में पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का विजन उत्तर प्रदेश समेत पूरे भारत को नशामुक्त बनाना है। इस दिशा में केंद्र और प्रदेश सरकार लगातार अभियान चला रही है।
बृजेश शुक्ला ने कहा कि सरकार और आबकारी विभाग की ओर से प्रत्येक जिले और तहसील के साथ विश्वविद्यालयों व स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से छात्रों और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देकर नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द नशामुक्त भारत की दिशा में बड़ी सफलता हासिल होगी।
उन्होंने बताया कि नशामुक्त भारत अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए गैर सरकारी संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं की भी मदद ली जा रही है। उन्होंने देश और प्रदेश के छात्रों व अभिभावकों से अभियान से जुड़ने की अपील की। कहा कि अभिभावक अपने बच्चों को नशे से दूर रखें और नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक व सामाजिक नुकसान के बारे में उन्हें जागरूक करें।
एआई विवाद पर बोले- भाजपा किसी की छवि खराब नहीं करती
पत्रकारों ने सपा और भाजपा के बीच चल रहे एआई विवाद को लेकर सवाल किया तो बृजेश शुक्ला ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी किसी की छवि खराब करने में विश्वास नहीं रखती। भाजपा सरकार का उद्देश्य देश और प्रदेश का विकास करना है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है।
उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि खासकर सपा सरकार के समय उत्तर प्रदेश में बहन-बेटियों का घर से निकलना मुश्किल हो गया था। भाजपा सरकार बनने के बाद आज प्रदेश में युवतियां और बहन-बेटियां बिना भय के घर से निकल रही हैं और स्वतंत्र रूप से भ्रमण कर रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था को मजबूत करने में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बड़ा योगदान है।
बृजेश शुक्ला ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश देश के सामने एक मॉडल के रूप में उभर रहा है। सरकार विकास के साथ-साथ सामाजिक बुराइयों को खत्म करने की दिशा में भी लगातार काम कर रही है।
इस दौरान आबकारी विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।









