AR7 न्यूज़ की खबर का एक बार फिर बड़ा असर देखने को मिला है। निचलौल विकास खंड के ग्राम सभा कटहरी खुर्द में पिछले 3 महीनों से ठप पड़ी सफाई व्यवस्था को लेकर मीडिया में खबर प्रसारित होने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है।
AR7 न्यूज़ द्वारा इस जनसमस्या को प्रमुखता से उठाए जाने और उच्च अधिकारियों को अवगत कराने के महज दो दिनों के भीतर ग्राम विकास अधिकारी ने रोस्टर जारी कर गांव में साफ-सफाई का कार्य शुरू करवा दिया है।
नालियों और सड़कों पर लगा था गंदगी का अंबार
कटहरी खुर्द में पिछले तीन महीनों से सफाई न होने के कारण गांव की नालियां पूरी तरह से चोक हो चुकी थीं और जगह-जगह कूड़े-कचरे का ढेर लगा हुआ था। गंदगी के कारण ग्रामीणों का जीना दुभर हो गया था और बीमारियों के फैलने का खतरा लगातार बना हुआ था।
AR7 न्यूज़ ने ग्रामीणों की इस गंभीर समस्या को प्रमुखता से दिखाया था, जिसके बाद जिम्मेदार अधिकारियों की नींद टूटी।गांव की सबसे बड़ी समस्या यह है कि तैनात सफाई कर्मी खुद ड्यूटी पर आने के बजाय नदारद रहता है।
उसकी जगह एक मंदबुद्धि व्यक्ति गांव में घूम-घूमकर सफाई के नाम पर दुकानदारों और आम ग्रामीणों से 20 से 30 रुपये की अवैध वसूली करता है। पैसे देने के बाद ही वह सफाई करता है। इतना ही नहीं, वर्तमान में रोस्टर के तहत हो रही सफाई के बाद भी एकत्रित कूड़ा लोगों के घरों के सामने ही छोड़ दिया जा रहा है, जिससे समस्या का पूर्ण समाधान नहीं हो पा रहा है।
जब इस संबंध में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि से बात की गई तो उन्होंने बताया कि सफाई कर्मी की लापरवाही और अनुपस्थिति को लेकर पहले ही उच्च अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है और उसे इस गांव से हटवाने की मांग की गई है।महीनों से गंदगी का दंश झेल रहे ग्रामीणों ने गांव में सफाई कार्य शुरू होने पर राहत की सांस ली है।
इस जनहित के मुद्दे को मजबूती से उठाने और शासन-प्रशासन तक आवाज पहुंचाने के लिए कटहरी खुर्द के ग्रामीणों ने AR7 न्यूज़ की पूरी टीम का सहृदय धन्यवाद व्यक्त किया है।









