यथार्थ पैलेस में सपा की पीडीए जन पंचायत, 2027 में एकजुट होकर सपा के पक्ष में मतदान की अपील

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंजशहर के यथार्थ पैलेस में समाजवादी पार्टी की ओर से पीडीए जन पंचायत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सपा जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव ने की। मुख्य अतिथि समाजवादी बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मिठाई लाल भारती रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि पूर्व मंत्री सुशील कुमार टिबडेवाल रहे। संचालन अंबेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रवण पटेल ने किया।

मुख्य अतिथि मिठाई लाल भारती ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का मानना था कि जब तक सत्ता की चाबी बहुजनों के हाथ में नहीं होगी, तब तक उनका समुचित उत्थान संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के मुख्यमंत्री बनने के बाद पंचायती राज में आरक्षण लागू हुआ, जिससे पिछड़े और दलित समाज के लोगों के लिए जनप्रतिनिधि बनने का रास्ता खुला।

उन्होंने कहा कि वंचित समाज विकास चाहता है तो संसद में बहुजनों की भागीदारी बढ़ाना जरूरी है। उन्होंने भाजपा पर वोट की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब इसे सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संविधान और आरक्षण की रक्षा की लड़ाई समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव लड़ रहे हैं। उन्होंने दलित समाज से 2027 के विधानसभा चुनाव में एकजुट होकर सपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

विशिष्ट अतिथि सुशील कुमार टिबडेवाल ने कहा कि बाबा साहब ने समाज के सबसे निचले व्यक्ति के आंसू पोंछने वाली राजनीति की बात कही थी। उन्होंने कहा कि समाजवादी विचारधारा भी समानता और इंसानियत पर आधारित है, जिसमें जाति से ऊपर इंसान को महत्व दिया जाता है।

कार्यक्रम को निरमेश मंगल, बिंद्रेश कनौजिया, पूर्व विधायक श्रीपति आजाद, पूर्व विधायक सुदामा प्रसाद, प्रणय गौतम, अमरजीत साहनी, यज्ञदत्त पासवान समेत कई नेताओं ने संबोधित किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]