कुशीनगर जिले के हाटा तहसील क्षेत्र में इन दिनों मौसम में लगातार हो रहे बदलाव का असर लोगों की सेहत पर दिखाई दे रहा है। क्षेत्र के पीएचसी और सीएचसी में मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हाटा में सुबह से ही मरीजों की लंबी कतार देखने को मिली। लोग पर्ची लेकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।
इसी तरह विकासखंड सुकरौली स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भी मरीजों की अच्छी-खासी भीड़ रही। अस्पताल पहुंचने वाले अधिकांश मरीज सर्दी, जुकाम, खांसी और बुखार की शिकायत लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक दवाएं दीं और जरूरत के अनुसार जांच भी लिखी।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुकरौली के चिकित्सक डॉ. धर्मेंद्र तिवारी ने बताया कि बरसात के मौसम में तापमान और मौसम में तेजी से बदलाव हो रहा है। इसके चलते वायरल फीवर समेत सर्दी-जुकाम और खांसी के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। उन्होंने दूषित पानी को भी बीमारियों का एक प्रमुख कारण बताया।
डॉ. तिवारी के मुताबिक बुधवार को सुबह से ही करीब 200 मरीजों की ओपीडी हो चुकी थी, जिनमें अधिकतर मरीज वायरल फीवर, खांसी, जुकाम और बुखार से पीड़ित थे।
उन्होंने लोगों से अपील की कि इस मौसम में साफ और उबला हुआ पानी पिएं, बदलते मौसम में सावधानी बरतें और बुखार या अन्य लक्षण होने पर झोलाछाप के बजाय योग्य चिकित्सक से उपचार कराएं। साथ ही तेज धूप में अनावश्यक निकलने से बचने की सलाह दी।









