महराजगंज। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के बंजरहा सोनबरसा गांव में बुधवार को सामान लेकर जा रही एक पिकअप अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
बताया जा रहा है कि पिकअप बंजरहा गांव से सामान लेकर निकल रही थी। ग्रामीणों के अनुसार गांव की सड़क काफी पतली है और सड़क के किनारे पर्याप्त पटरी भी नहीं है। इसी दौरान वाहन चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और पिकअप सड़क के किनारे पलट गई।
पिकअप के पलटते ही आसपास मौजूद स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और घटना की जानकारी पुलिस को दी। लोगों ने वाहन में सवार लोगों को बाहर निकालने में मदद की। हादसे के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।
बृजमनगंज थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा ने बताया कि हादसे में सभी लोग सुरक्षित हैं और किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। उन्होंने बताया कि घटना के संबंध में अभी तक थाने में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की चौड़ाई कम होने और पटरी नहीं होने के कारण यहां अक्सर वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क किनारे पटरी बनवाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।









