चंदौली। विकास पुरुष, भागीरथ, अन्नदाता, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, मूर्धन्य पत्रकार एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्रद्धेय पं. कमलापति त्रिपाठी की 121वीं जयंती समारोह का आयोजन 3 सितंबर 2026 को किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर पंडित कमलापति त्रिपाठी स्मृति सेवा संस्थान की ओर से तैयारियां जोर-शोर से शुरू कर दी गई हैं।
जयंती समारोह 3 सितंबर को सुबह 9:30 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक आयोजित होगा। कार्यक्रम का आयोजन पंडित कमलापति त्रिपाठी पार्क, सदर कचहरी, चंदौली में किया जाएगा। समारोह को सफल बनाने के लिए संस्थान के संयोजक धर्मेन्द्र तिवारी की देखरेख में पार्क की साफ-सफाई, रंग-रोगन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का कार्य कराया जा रहा है।
आयोजकों का कहना है कि पं. कमलापति त्रिपाठी ने चंदौली सहित पूरे प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने पत्रकारिता, स्वतंत्रता संग्राम और राजनीति के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में भी उन्होंने विकास कार्यों को नई दिशा देने का प्रयास किया। उनके योगदान और व्यक्तित्व को याद करते हुए प्रत्येक वर्ष उनकी जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई जाती है।
संस्थान के अध्यक्ष डॉ. नारायण मूर्ति ओझा ने चंदौली के समस्त सम्मानित नागरिकों, प्रबुद्धजनों एवं पं. कमलापति त्रिपाठी के विचारों से जुड़े लोगों से समारोह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सभी की सहभागिता से जयंती समारोह को भव्य एवं सफल बनाया जा सकेगा।
संयोजक धर्मेन्द्र तिवारी ने भी नागरिकों से समय पर कार्यक्रम स्थल पहुंचकर समारोह में सहभागिता करने का आग्रह किया है। आयोजन को लेकर संस्थान के पदाधिकारी और कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हुए हैं। समारोह में पं. कमलापति त्रिपाठी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
अशोक कुमार जायसवाल









