तमकुहीराज में हेल्थ एटीएम 5 साल से बंद, लाखों की मशीन बिना किट और प्रशिक्षित कर्मी के बनी शोपीस, मरीज परेशान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

तमकुहीराज, कुशीनगर। तमकुहीराज सीएचसी के तहत समउर बाजार के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में लाखों रुपये की हेल्थ एटीएम मशीन पिछले पांच साल से बंद पड़ी है। गरीब मरीजों को तुरंत जांच की सुविधा देने के लिए यह मशीन लगाई गई थी, लेकिन आज तक ठीक से चल नहीं पाई। इससे इलाके के लोगों में नाराजगी है।

पूर्व सांसद डॉ. रमापति राम त्रिपाठी ने अपने कार्यकाल के आखिरी दिनों में एक कार्यक्रम में इस हेल्थ एटीएम का उद्घाटन किया था। उस समय नेताओं और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने दावा किया था कि यह मशीन कम समय में करीब दर्जन भर जांच कर सकेगी। इससे मरीजों को अच्छी इलाज सुविधा मिलेगी।

हालांकि, उद्घाटन के दिन ही मशीन में तकनीकी खराबी आ गई थी। फिर भी मशीन के साथ करीब 50 जांच किट दिए गए थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक, ये किट सिर्फ तीन दिन में खत्म हो गए। इसके बाद पिछले पांच साल से दोबारा कोई जांच किट नहीं मिली, जिससे हेल्थ एटीएम पूरी तरह बंद हो गई।

इतना ही नहीं, स्वास्थ्य केंद्र पर हेल्थ एटीएम चलाने के लिए कोई प्रशिक्षित कर्मचारी भी नहीं रखा गया है। इस वजह से लाखों रुपये की लागत से खरीदी गई यह सुविधा मरीजों के किसी काम नहीं आ रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि स्वास्थ्य सुविधाओं के नाम पर सिर्फ प्रचार किया गया, लेकिन मरीजों को इसका कोई फायदा नहीं मिला।

इस बारे में तमकुहीराज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. हिमांशु मिश्र ने बताया कि हेल्थ एटीएम के लिए जरूरी जांच किट के लिए अधिकारियों से लगातार बातचीत की जा रही है। उन्होंने कहा कि जैसे ही जांच किट मिलेगी, मशीन से जांच की सुविधा फिर से शुरू कर दी जाएगी। फिलहाल मरीजों को इस सुविधा का लाभ मिलने का इंतजार है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]