*हाटा रजिस्ट्री ऑफिस में जमीन विवाद को लेकर महिला का हाईवोल्टेज ड्रामा, रोते-रोते हुई बेहोश*

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुशीनगर जिले के हाटा रजिस्ट्री ऑफिस में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जमीन की रजिस्ट्री को लेकर एक महिला दहाड़े मारकर रोने लगी। महिला का आरोप था कि उसके पति उसकी मर्जी के खिलाफ जमीन बेच रहे हैं। विरोध के बावजूद जब रजिस्ट्री की प्रक्रिया नहीं रुकी तो महिला रोते-रोते बेहोश हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

मामला नगर पंचायत सुकरौली देवता निवासी परिवार से जुड़ा बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक रमाशंकर सिंह के दो बेटे श्याम सिंह और जय सिंह हैं। उनकी मां फूलपति देवी हैं। रमाशंकर सिंह की मृत्यु के बाद परिवार की जमीन तीनों के हिस्से में बराबर-बराबर आई थी।

महिला का आरोप है कि उसके पति श्याम सिंह सड़क की जमीन बेच रहे हैं। उसने जमीन बेचने से मना किया तो उसके साथ मारपीट की गई। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ दलालों की मदद से जमीन की रजिस्ट्री कराने का प्रयास किया जा रहा था।

बताया जा रहा है कि जय सिंह अपने हिस्से की जमीन पहले ही बेच चुके हैं, जबकि श्याम सिंह ने देवर चौराहा स्थित अपने हिस्से की जमीन करीब 14 लाख रुपये में बेचने की बात कही है। इसी जमीन की रजिस्ट्री कराने के लिए सोमवार को श्याम सिंह हाटा रजिस्ट्री ऑफिस पहुंचे थे। तभी उनकी पत्नी भी वहां पहुंच गई और रजिस्ट्री का विरोध करने लगी।

इसी दौरान श्याम सिंह के भाई जय सिंह ने कथित तौर पर दस्तावेज फाड़ दिए। सूचना पर पहुंची पुलिस जय सिंह को थाने ले गई। महिला का आरोप है कि उसके विरोध के बावजूद जमीन की रजिस्ट्री कर दी गई, जिसके बाद वह कचहरी परिसर में ही फूट-फूटकर रोने लगी और बेहोश हो गई।

वहीं जमीन विक्रेता श्याम सिंह ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि वह अपने हिस्से की जमीन 14 लाख रुपये में गायत्री देवी पत्नी लाल बहादुर के नाम बेच रहे हैं। उनके मुताबिक जमीन उनके हिस्से की है और उसे बेचने का अधिकार भी उनका है।

खरीदार के पति लाल बहादुर ने भी कहा कि उन्होंने जमीन के पूरे पैसे दिए हैं। दूसरी ओर, श्याम सिंह की मां फूलपति देवी ने बताया कि इसी मामले को लेकर उनकी बहू डीएम कार्यालय भी गई है और जमीन की बिक्री रोकने की गुहार लगाएगी।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]