राशन कार्ड में जिंदा परिवार को ‘मृत’ दिखाने का आरोप, अंजनी सिंह ने अधिकारियों पर साधा निशाना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चंदौली। जिले के खड़ान गांव में एक गरीब परिवार के राशन कार्ड में परिवार के सदस्यों को कथित तौर पर मृत दिखाए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि मुन्ना पासवान, उनकी पत्नी और उनके दो बच्चों को राशन कार्ड में मृत दर्ज कर दिया गया है। इसके चलते परिवार को सरकारी राशन का लाभ नहीं मिल पा रहा है। मामले को लेकर जिला पंचायत सदस्य अंजनी सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन से तत्काल जांच और राशन कार्ड में सुधार कराने की मांग की है।

अंजनी सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि “चंदौली में चार मुर्दे जिंदा बोल रहे हैं और अपने अधिकार के लिए दर-दर भटक रहे हैं।” उन्होंने कहा कि यदि परिवार के सभी सदस्य जीवित हैं तो सरकारी अभिलेखों में उन्हें मृत दिखाया जाना गंभीर लापरवाही है। इससे गरीब परिवार को राशन जैसी मूलभूत सरकारी सुविधा से वंचित होना पड़ रहा है।

उन्होंने मुख्यमंत्री से मामले का संज्ञान लेने की मांग करते हुए कहा कि ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। उनका आरोप है कि स्वास्थ्य, राशन, पेंशन, किसान सम्मान निधि और जमीन से जुड़े मामलों में भी आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

जिला पंचायत सदस्य अंजनी सिंह ने कहा, “मुख्यमंत्री जी इस मामले का संज्ञान लें और इन ‘मुर्दों’ को जिंदा करवाएं। गरीब परिवार के राशन कार्ड में तत्काल सुधार कराया जाए, ताकि उन्हें सरकारी राशन मिल सके। गरीब और मजलूमों के साथ इस तरह की कथित लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”

उन्होंने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार का राशन कार्ड तत्काल दुरुस्त कराने तथा पूरे मामले की जांच कराने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो तहसील सकलडीहा का घेराव कर आंदोलन किया जाएगा।

अशोक कुमार जायसवाल

और पढ़ें

[the_ad id="164"]