सोहगीबरवा के मंदिर टोला में गंदगी का अंबार, बजबजाती नालियों से ग्रामीण परेशान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सोहगीबरवा। ग्राम पंचायत सोहगीबरवा के मंदिर टोला में इन दिनों साफ-सफाई व्यवस्था बदहाल नजर आ रही है। टोले की गलियों में जगह-जगह कूड़े-कचरे का ढेर लगा हुआ है, जबकि नालियां गंदगी से बजबजा रही हैं। लंबे समय से सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं होने के कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि सफाई कर्मी नियमित रूप से मौके पर दिखाई नहीं देते, जिसके चलते नालियों की सफाई और कूड़ा उठाने की व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित है। गंदगी के कारण दुर्गंध फैल रही है और लोगों को संक्रमण व बीमारियों का खतरा बना हुआ है।

स्थानीय लोगों का यह भी आरोप है कि गांव की सफाई व्यवस्था के लिए आने वाली धनराशि के इस्तेमाल को लेकर पारदर्शिता नहीं है। ग्रामीणों ने प्रधान की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए सफाई मद में खर्च होने वाली धनराशि के उपयोग की जांच कराने की मांग की है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि होना अभी बाकी है।

ग्रामीणों का कहना है कि एक ओर शासन स्तर से गांवों को स्वच्छ रखने के लिए विभिन्न योजनाओं के तहत धनराशि उपलब्ध कराई जाती है, वहीं दूसरी ओर मंदिर टोला में गंदगी का यह हाल जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।

ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से तत्काल मौके का निरीक्षण कराकर नालियों की सफाई, कूड़ा उठवाने तथा नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है। साथ ही सफाई व्यवस्था के लिए जारी धनराशि और उसके खर्च का लेखा-जोखा सार्वजनिक कर जांच कराने की भी मांग उठाई है।

अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी मंदिर टोला की बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर कब तक कार्रवाई करते हैं और ग्रामीणों को गंदगी से निजात कब मिलती है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]