बुलंदशहर। कोतवाली खुर्जा नगर पुलिस की वाहन चेकिंग के दौरान कमालपुर के जंगलों में 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक दोनों ओर से हुई कई राउंड फायरिंग में बदमाश चेतन के दोनों पैरों में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया।
पुलिस ने घायल बदमाश को उपचार के लिए खुर्जा के सूरजमल जटिया अस्पताल में भर्ती कराया है। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने उसके कब्जे से एक बुलेट मोटरसाइकिल, 315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में चेतन ने 11 दिन पहले लॉ के छात्र अंकुर चौधरी के साथ मारपीट की घटना में शामिल होने की बात बताई है। अंकुर चौधरी की हालत गंभीर होने के बाद उनका इलाज फॉर्टिस अस्पताल में चल रहा था, जहां 29 अगस्त की देर रात उनकी मौत हो गई।
पुलिस अब मुठभेड़ में घायल बदमाश से पूछताछ के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। घटना को लेकर पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास जारी हैं।









