पडरौना, कुशीनगर। पूर्वांचल पत्रकार एसोसिएशन (पीपीए) कुशीनगर की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को पडरौना स्थित शिवराम पैलेस में आयोजित की गई। बैठक में पत्रकारों के सामने आने वाली विभिन्न समस्याओं, पत्रकार उत्पीड़न की घटनाओं, संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा संगठन के लिए कोष की स्थापना सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे पत्रकारों ने अपने विचार रखे और संगठन की एकजुटता के साथ पत्रकार हितों के लिए प्रभावी ढंग से कार्य करने पर जोर दिया। बैठक के मुख्य अतिथि पूर्वांचल पत्रकार एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष सुमंत दुबे रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला संरक्षक विद्याधर तिवारी मौजूद रहे। बैठक का संचालन सचिदानंद कुशवाहा ने किया।
बैठक के दौरान पत्रकारों ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के महत्वपूर्ण स्तंभों में से एक हैं और समाज की समस्याओं को शासन-प्रशासन तथा आमजन तक पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में पत्रकारों के साथ किसी भी प्रकार का उत्पीड़न या उनके कार्य में अनावश्यक हस्तक्षेप गंभीर विषय है।
संगठन के पदाधिकारियों ने पत्रकार हितों से जुड़े मामलों में एकजुट होकर आवाज उठाने तथा आवश्यकता पड़ने पर संबंधित अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से पक्ष रखने की बात कही। बैठक में संगठन की गतिविधियों को और व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने पर भी विचार-विमर्श हुआ। संगठन के लिए कोष की स्थापना को लेकर सदस्यों ने अपने सुझाव दिए। वक्ताओं ने कहा कि मजबूत संगठन के लिए सभी पदाधिकारियों और सदस्यों के बीच बेहतर समन्वय, पारदर्शिता और सक्रिय सहभागिता जरूरी है।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारियों के साथ जिला उपाध्यक्ष संजय उपाध्याय, जिला संगठन मंत्री गुड्डू शुक्ल, जिला कोषाध्यक्ष नितेश पांडेय, जिला मंत्री अरुण कुमार दुबे, अनुराग तिवारी, हरिओम तिवारी, जिला उपाध्यक्ष पुनीत कुमार मिश्र, जिला मीडिया प्रभारी अंकित कुशवाहा, जिला सूचना मंत्री रवि प्रकाश राव, अनुशासन समिति के महासचिव अशोक सिंह पटेल, तहसील अध्यक्ष पडरौना राकेश कुमार शुक्ल, तहसील अध्यक्ष कसया खुर्शीद आलम, तहसील प्रभारी कप्तानगंज महेश पासवान, ब्लाक अध्यक्ष रामकोला योगेश गोविन्द राव, ब्लाक अध्यक्ष खड्डा फतेह आलम सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे। बैठक में कुल 51 पत्रकारों एवं संगठन के सदस्यों ने सहभागिता की।
इस दौरान संगठनात्मक विस्तार के क्रम में श्री नन्दलाल शर्मा को तहसील प्रभारी पडरौना घोषित किया गया। उनके मनोनयन पर संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि वह तहसील क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने तथा पत्रकारों के हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। बैठक के अंत में संगठन की एकजुटता बनाए रखने, पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए सामूहिक रूप से प्रयास करने तथा संगठन की गतिविधियों को जमीनी स्तर तक मजबूत करने का संकल्प लिया गया।









