*दरोगा की सरकारी पिस्टल लेकर भागा 50 हजार का इनामी, पुलिस मुठभेड़ में पैर में लगी गोली*

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुशीनगर। तरयासुजान थाना क्षेत्र में वांछित चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश आशु कुमार यादव को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

पुलिस के अनुसार मौके से दरोगा से छीनी गई सरकारी पिस्टल, आठ जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और मैगजीन बरामद की गई है। पुलिस अधीक्षक कुशीनगर केशव कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी तमकुहीराज जयन्त यादव के नेतृत्व में अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में तरयासुजान थाने में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 252/2026 में वांछित चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त आशु कुमार यादव पुत्र रामइकबाल यादव, निवासी विन्दवलिया, थाना कुचायकोट, जनपद गोपालगंज, बिहार को 30 अगस्त को उपनिरीक्षक विवेक अवस्थी की टीम ने गिरफ्तार किया था।

*पेट में दर्द का बहाना बनाकर पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनी*

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तारी के कुछ समय बाद आरोपी ने पेट में असहनीय दर्द होने की बात कही। इसके बाद उसे हवालात से निकालकर उपनिरीक्षक रविकान्त सिंह और कांस्टेबल रुपेश यादव की सुपुर्दगी में उपचार के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था। रास्ते में आरोपी ने कथित तौर पर बहाना बनाकर गाड़ी रुकवाई और नीचे उतरते समय उपनिरीक्षक रविकान्त सिंह के पिस्टल होल्स्टर से सरकारी पिस्टल निकाल ली। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पिस्टल कॉक कर पुलिसकर्मी पर तान दी और वहां से भागने लगा।

*झड़वा रेलवे अंडरपास के पास घेराबंदी*

घटना की सूचना मिलते ही थाना तरयासुजान, थाना तमकुहीराज और स्वाट की संयुक्त पुलिस टीमों ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। झड़वा रेलवे अंडरपास के समीप पुलिस टीमों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी प्रतिरक्षा में पुलिस टीम ने भी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। गोली लगने के बाद पुलिस ने उसे मौके से घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाश को पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मौके से एक सरकारी पिस्टल, एक खोखा कारतूस, आठ जिंदा कारतूस और मैगजीन बरामद की है। बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

*इन टीमों ने की कार्रवाई*

मुठभेड़ और गिरफ्तारी की कार्रवाई में थानाध्यक्ष तरयासुजान नितिन रघुनाथ श्रीवास्तव, प्रभारी निरीक्षक तमकुहीराज गिरजेश उपाध्याय, स्वाट प्रभारी उपनिरीक्षक स्वतंत्र देव सिंह सहित उपनिरीक्षक बृजेश सिंह, भूपेन्द्र प्रसाद, विवेक अवस्थी तथा कांस्टेबल रामनिवास यादव, रुपेश यादव, रामलखन यादव और एजाज अंसारी शामिल रहे। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी आशु कुमार यादव के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]