महराजगंज। भिटौली विकासखंड के परतावल अंतर्गत ग्राम सभा धर्मपुर के बड़ा टोला में जलनिकासी की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से चंदा जुटाकर जेसीबी से ड्रेन की सफाई कराई। ड्रेन जाम होने के कारण खेतों में पानी जमा हो गया था, जिससे करीब 120 एकड़ धान की फसल प्रभावित होने का खतरा बना हुआ था।
ग्रामीणों के मुताबिक, इस समय खेतों में धान की फसल तैयार हो रही है। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण खेतों में लगातार पानी जमा था। यदि समय रहते पानी की निकासी नहीं होती तो धान की कटाई प्रभावित होने के साथ ही किसानों के सामने आगामी गेहूं की बुवाई को लेकर भी परेशानी खड़ी हो सकती थी।
ग्रामीणों ने बताया कि खेती ही उनकी आजीविका का मुख्य आधार है। कई बार जलनिकासी की समस्या के बावजूद स्थायी समाधान नहीं होने पर उन्हें मजबूरी में आपस में चंदा एकत्र करना पड़ा और जेसीबी लगवाकर ड्रेन की सफाई कराई गई।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से ड्रेन की नियमित सफाई कराने और जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसानों की फसलों को जलभराव से नुकसान न हो।
सफाई के दौरान छेदी चौधरी, भीम बारी, बेचू चौधरी, योगेंद्र चौधरी, शेषनाथ चौधरी, रामाश्रय यादव, राजेश्वर यादव, वली मोहम्मद, जमीद अली, सफीउद्दीन, रामदवन चौधरी, सुदर्शन चौधरी, मोहित अली, प्रभु चौधरी, उमेश चौधरी, साजिद अली, सुग्रीव चौधरी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।









