तेज बारिश के बीच गिरी आकाशीय बिजली, चार घरों के सामान क्षतिग्रस्त

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कसया। तहसील क्षेत्र के शाहपुर कुरमौटा गांव में शनिवार को बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से गांव में अफरा-तफरी मच गई। बिजली की चपेट में आने से पंखे, इनवर्टर, बैटरी, तार और सोलर उपकरण जल गए, जबकि एक मकान की छत का हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

ग्रामीणों के अनुसार शनिवार को करीब 11 बजे अचानक मौसम में बदलाव हुआ और बारिश के साथ तेज मेघ गर्जन होने लगा। इसी दौरान महेश के मकान के एक कोने पर आकाशीय बिजली गिरी। तेज धमाके के साथ छत का एक कोना क्षतिग्रस्त हो गया और घर में लगे दो पंखे जल गए।

आकाशीय बिजली के प्रभाव से पड़ोसी राम आशीष के घर का इनवर्टर, बैटरी और पंखा भी जल गया। वहीं राहमतुल्लाह और शाकिर के घरों में लगे पंखे व इनवर्टर भी खराब हो गए। घटना के बाद गांव में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।

ग्रामीणों ने बताया कि बिजली गिरने से उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन से मौके पर क्षति का आकलन कराकर प्रभावित परिवारों को नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]