खड्डा, कुशीनगर। खड्डा विकासखंड के ग्राम सभा तुर्कहा में बारिश के बाद जलजमाव की समस्या ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। गांव में थोड़ी सी बारिश होते ही पीडब्ल्यूडी की सड़क पानी से पूरी तरह भर जाती है। सड़क पर कई जगह पानी जमा होने के कारण राहगीरों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्राम सभा तुर्कहा में मस्जिद के पास और राजकीय इंटर कॉलेज को जोड़ने वाली सड़क पर भारी जलजमाव देखने को मिल रहा है। बारिश का पानी सड़क पर जमा होने के बाद लोगों को उसी पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह रास्ता विशेष रूप से परेशानी का कारण बना हुआ है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या कोई नई नहीं है। बारिश के मौसम में हर वर्ष सड़क पर जलजमाव की स्थिति पैदा होती है। थोड़ी सी बारिश के बाद ही सड़क तालाब जैसी नजर आने लगती है। इसके बावजूद अभी तक पानी की निकासी के लिए कोई स्थायी और सुचारू व्यवस्था नहीं की गई है।
ग्रामीणों के अनुसार सड़क के किनारे जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी निकल नहीं पाता और लंबे समय तक सड़क पर ही जमा रहता है। इससे जहां लोगों को आवागमन में परेशानी होती है, वहीं सड़क के भी जल्द खराब होने की आशंका बनी रहती है।
सबसे बड़ी चिंता इस बात को लेकर है कि इसी मार्ग से राजकीय इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों का आवागमन होता है। जलजमाव के कारण कभी भी कोई हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से मांग की है कि मौके का निरीक्षण कर जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराई जाए, ताकि बारिश के दौरान सड़क पर पानी जमा न हो और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।
अब देखना यह होगा कि ग्रामीणों की इस समस्या पर जिम्मेदार विभाग कब तक संज्ञान लेता है और सड़क पर होने वाले जलजमाव से निजात दिलाने के लिए क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।









