“फोन पर हुई आखिरी बात… फिर टूट गया संपर्क, नेपाल में लापता करन को तलाश रहा परिवार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुशीनगर। नेपाल में आई भीषण बाढ़ और त्रासदी के बीच कुशीनगर जिले के एक युवक के लापता होने की खबर सामने आने से परिवार में चिंता का माहौल है। कप्तानगंज तहसील क्षेत्र के मलूकही गांव निवासी करन शर्मा नेपाल के रसुवा जिले के त्रिशूली में स्थित 216 मेगावाट के हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट में इलेक्ट्रिशियन फोरमैन के पद पर कार्यरत थे। घटना के बाद से उनका कोई पता नहीं चल पाया है। पावर प्रोजेक्ट की ओर से जारी लापता कर्मचारियों की सूची में करन शर्मा का नाम भी शामिल है।

बताया जा रहा है कि करन शर्मा पिछले कई वर्षों से नेपाल की कंपनी में इलेक्ट्रिशियन फोरमैन के पद पर काम कर रहे थे। वह रसुवा जिले के त्रिशूली में संचालित 216 मेगावाट के हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट में तैनात थे। बताया गया है कि यह परियोजना अमस्था हाइड्रो और विदेशी एनब्रिड हाइड्रो के संयुक्त प्रोजेक्ट के तौर पर संचालित है।

घटना की रात परिवार से हुई थी फोन पर बातचीत

परिजनों के मुताबिक, नेपाल में त्रासदी वाली रात करन शर्मा ने अपने घरवालों से फोन पर बातचीत की थी। उस समय तक सब कुछ सामान्य था और परिवार के लोगों से उनका संपर्क बना हुआ था। लेकिन इसके बाद नेपाल में हालात तेजी से बिगड़ने लगे और अचानक करन से संपर्क टूट गया।

परिवार के लोगों ने कई बार फोन और अन्य माध्यमों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन करन से बात नहीं हो सकी। इसके बाद परिजनों की चिंता बढ़ गई और उनकी तलाश शुरू की गई। अब हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट की ओर से लापता कर्मचारियों की सूची जारी किए जाने के बाद परिवार की चिंता और बढ़ गई है।

पत्नी और दो बच्चों को करन के सुरक्षित लौटने का इंतजार

करन शर्मा की शादी बोदरवार क्षेत्र के भलुई गांव में हुई है। उनकी पत्नी का नाम रंभा देवी है और उनके दो बच्चे हैं। पति के लापता होने की खबर के बाद पत्नी और बच्चों सहित पूरा परिवार गहरे सदमे और चिंता में है।

परिजन लगातार नेपाल में चल रहे राहत एवं बचाव कार्य पर नजर बनाए हुए हैं। परिवार को उम्मीद है कि बचाव अभियान के दौरान करन शर्मा का पता चल जाएगा और वह सुरक्षित मिलेंगे।

नेपाल की त्रासदी ने कई परिवारों को अपनों से दूर कर दिया है। इसी बीच कुशीनगर के करन शर्मा के लापता होने की खबर ने उनके गांव मलूकही में भी चिंता की लहर पैदा कर दी है। ग्रामीण और रिश्तेदार करन के सुरक्षित मिलने की प्रार्थना कर रहे हैं और परिवार को अब उनके सकुशल लौटने का इंतजार है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]