महराजगंज। जनपद में खेलकूद और युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शनिवार को कलक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने खेल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एवं प्रतिभाग करने वाले बच्चों को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
इस दौरान अधिकारियों ने बच्चों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। जिलाधिकारी ने कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ उनमें अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बच्चों को खेल के साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी मेहनत और लगन से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नियमित अभ्यास और अनुशासन के जरिए युवा अपनी प्रतिभा को निखार सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान आयोजन समिति, शिक्षकों और प्रशिक्षकों के प्रयासों की भी अधिकारियों ने सराहना की। अधिकारियों ने कहा कि बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना जरूरी है, जिससे वे आगे चलकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।









