बाढ़ से निजात की मांग को लेकर किसानों का धरना, 5 किसान भूख हड़ताल पर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बिजनौर। चांदपुर तहसील क्षेत्र के गंगा खादर इलाके में हर साल आने वाली बाढ़ से परेशान दर्जनों गांवों के ग्रामीणों ने अब आंदोलन का रास्ता अपना लिया है। बाढ़ से स्थायी निजात की मांग को लेकर ग्रामीण पिछले करीब 10 दिनों से धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं पांच किसान अपनी मांगों को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे हैं।

किसानों की प्रमुख मांग है कि खादर क्षेत्र को बाढ़ से बचाने के लिए जल्द से जल्द बांध का निर्माण कराया जाए। किसानों का कहना है कि हर साल गंगा का जलस्तर बढ़ने के बाद बाढ़ का पानी खेतों में घुस जाता है, जिससे सैकड़ों बीघा फसल बर्बाद हो जाती है। कई बार बाढ़ का पानी ग्रामीणों के घरों तक पहुंचने से उन्हें भारी नुकसान भी उठाना पड़ता है।

धरने के साथ पूर्व प्रधान अर्जुन सिंह सैनी, देवेंद्र शर्मा, विजय, आल्हा सिंह कश्यप और नरेश ठाकुर भूख हड़ताल पर बैठे हैं। किसानों का कहना है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।

ग्रामीणों के मुताबिक बाढ़ की समस्या का असर खेती और घरों के साथ-साथ बच्चों की पढ़ाई पर भी पड़ता है। ग्रामीण लंबे समय से खादर क्षेत्र में बांध निर्माण की मांग करते आ रहे हैं, ताकि उन्हें हर साल होने वाले नुकसान से स्थायी राहत मिल सके।

किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार और प्रशासन ने जल्द उनकी मांग पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया तो वे चुनाव का बहिष्कार करेंगे। इसके साथ ही किसानों ने जल्द ही खादर क्षेत्र में बड़ी महापंचायत आयोजित करने का ऐलान किया है।

अब देखना होगा कि किसानों के लगातार चल रहे आंदोलन के बाद प्रशासन और सरकार की ओर से बांध निर्माण की मांग को लेकर क्या कदम उठाया जाता है।

रिपोर्टर: मोहम्मद रहमान
जिला: बिजनौर, उत्तर प्रदेश

और पढ़ें

[the_ad id="164"]