जलजमाव के खिलाफ छात्र नेता ने किया प्रदर्शन, डीएम ने मौके पर पहुंचकर किया निरीक्षण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। शनिवार को अलीनगर क्षेत्र में जलजमाव की समस्या को लेकर छात्र नेता अंकित यादव के नेतृत्व में लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं भी मौजूद रहीं। सूचना पर नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी धर्मराज सिंह और चेयरमैन प्रतिनिधि शमशाद मौके पर पहुंचे और जलभराव से प्रभावित बस्ती का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पानी निकासी के लिए लगाए गए पंपों की स्थिति भी देखी।

मामले की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग भी मौके पर पहुंचे और जलजमाव प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि अलीनगर का यह इलाका निचला क्षेत्र होने के कारण बारिश के दौरान जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है। फिलहाल पंपों के माध्यम से पानी निकाला जा रहा है। स्थायी समाधान के लिए मुख्य सड़क के किनारे नाला निर्माण और पुलिया बनवाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही एल-शेप में बने नाले को सीधा कराने की बात कही, जिससे पानी का बहाव तेज हो सके।

छात्र नेता अंकित यादव ने बताया कि नगरपालिका के ईओ स्वयं पानी में उतरकर बस्ती का निरीक्षण करने पहुंचे। डीएम ने भी मौके पर पहुंचकर जल्द पानी निकासी का आश्वासन दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो दोबारा आंदोलन कर नगरपालिका का घेराव किया जाएगा।

स्थानीय निवासी मोहम्मद आरिफ ने बताया कि वार्ड नंबर 5, 3 और 16 में नाली व शौचालय का गंदा पानी घरों में घुस गया है। बच्चों का घर से निकलना मुश्किल है और बीमारी तथा कीड़े-मकोड़ों का खतरा बना हुआ है।

चेयरमैन प्रतिनिधि शमशाद ने बताया कि पानी निकासी के लिए 20 एचपी का एक पंप, 3-3 एचपी के पांच पंप और ट्रैक्टर-माउंटेड पंप लगाया गया है। उन्होंने कहा कि बारिश नहीं हुई तो जल्द ही पानी पूरी तरह निकल जाएगा। साथ ही पीडब्ल्यूडी का नाला पूरा होने के बाद समस्या का स्थायी समाधान होने की उम्मीद जताई।

 

अशोक कुमार जायसवाल

और पढ़ें

[the_ad id="164"]