तालाब में तैरता मिला 45 वर्षीय व्यक्ति का शव, इलाके में मची सनसनी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र के रमपुरवा गांव में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के तालाब में एक व्यक्ति का शव तैरता हुआ मिला। शव मिलने की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही कोठीभार पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया।

मृतक की पहचान रामचंद्र चौधरी (45) पुत्र स्वर्गीय नथुनी चौधरी, निवासी रमपुरवा के रूप में हुई है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, रामचंद्र चौधरी के शराब पीने का आदी होने की बात सामने आई है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि वह सुबह तालाब की तरफ गया होगा। इसी दौरान पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया और डूबने से उसकी मौत हो गई।

हालांकि, मौत की वास्तविक वजह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया पैर फिसलने के बाद तालाब में डूबने का मामला प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]